|| Bhagavad Gita ||
The second chapter of the Bhagavad Gita, "Sankhya Yoga", is regarded as the essence of the whole Gita. To the grief-stricken Arjuna, Krishna first imparts the knowledge of the immortality of the soul — the soul is never born and never dies; only the body changes, as one discards old clothes for new. He then shows that, as a kshatriya, fighting a righteous war is Arjuna's duty, and gives the famous teaching of Karma Yoga — 'You have a right to action alone, never to its fruits.' The chapter ends with the marks of the sthitaprajna — one who, rising above pleasure and pain, attachment and aversion, rests content in the Self and attains supreme peace.
भगवद्गीता का दूसरा अध्याय "सांख्ययोग" पूरी गीता का सार माना जाता है। शोक में डूबे अर्जुन को श्रीकृष्ण सबसे पहले आत्मा की अमरता का ज्ञान देते हैं — आत्मा न जन्मती है न मरती है, केवल शरीर बदलता है, जैसे मनुष्य पुराने वस्त्र त्यागकर नये धारण करता है। फिर वे क्षत्रिय-धर्म के अनुसार युद्ध को कर्तव्य बताते हैं और कर्मयोग का प्रसिद्ध उपदेश देते हैं — 'कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन'। अध्याय के अंत में 'स्थितप्रज्ञ' के लक्षण बताये गये हैं — जो सुख-दुःख और राग-द्वेष से ऊपर उठकर आत्मा में संतुष्ट रहता है और परम शान्ति प्राप्त करता है।
72 verses in total
Sanjaya said: To him thus overcome with pity, his eyes filled with tears and distressed, grief-stricken, Madhusudana (Krishna) spoke these words.
संजय बोले: करुणा से व्याप्त, आँसुओं से पूर्ण तथा व्याकुल नेत्रों वाले शोकयुक्त उस अर्जुन के प्रति भगवान मधुसूदन ने ये वचन कहे।
The Blessed Lord said: O Arjuna, whence has this dejection come upon you at this critical hour? It is unworthy of noble men and leads neither to heaven nor to glory. Yield not to unmanliness, O Partha; it does not become you. Cast off this petty faint-heartedness and arise, O scorcher of foes.
श्री भगवान बोले: हे अर्जुन! तुझे इस असमय में यह मोह किस हेतु से प्राप्त हुआ? न यह श्रेष्ठ पुरुषों द्वारा आचरित है, न स्वर्ग देने वाला है और न कीर्ति करने वाला। इसलिए हे अर्जुन! नपुंसकता को मत प्राप्त हो, यह तुझमें उचित नहीं। हे परंतप! हृदय की तुच्छ दुर्बलता त्यागकर युद्ध के लिए खड़ा हो जा।
Arjuna said: O Madhusudana, how shall I fight with arrows against Bhishma and Drona, who are worthy of my worship, O slayer of foes?
अर्जुन बोले: हे मधुसूदन! मैं रणभूमि में किस प्रकार बाणों से भीष्म और द्रोणाचार्य के विरुद्ध लड़ूँगा? हे अरिसूदन! वे दोनों ही पूजनीय हैं।
It would be better to live on alms than to slay these noble elders; for by killing them I would enjoy only pleasures and wealth stained with their blood.
इन महानुभाव गुरुजनों को न मारकर मैं इस लोक में भिक्षा का अन्न खाना भी श्रेयस्कर समझता हूँ; क्योंकि गुरुजनों को मारकर भी रुधिर से सने हुए अर्थ और भोगों को ही तो भोगूँगा।
Nor do we know which is better — to conquer them or be conquered. The very sons of Dhritarashtra, after slaying whom we would not wish to live, stand arrayed against us.
हम यह भी नहीं जानते कि हमारे लिए युद्ध करना या न करना श्रेष्ठ है, अथवा यह कि उन्हें हम जीतेंगे या वे हमें। जिनको मारकर हम जीना भी नहीं चाहते, वे ही धृतराष्ट्र के पुत्र हमारे सामने खड़े हैं।
My nature overpowered by faint-heartedness, my mind confused about duty, I ask You: tell me decisively what is best. I am Your disciple; instruct me, who have taken refuge in You.
कायरतारूप दोष से उपहत स्वभाव वाला तथा धर्म के विषय में मोहितचित्त हुआ मैं आपसे पूछता हूँ — जो निश्चित कल्याणकारक हो वह मुझे कहिए; मैं आपका शिष्य हूँ, शरण में आये हुए मुझको शिक्षा दीजिए।
I do not see what could dispel this grief that withers my senses, even if I were to gain unrivalled dominion over the earth and even lordship over the gods.
भूमि पर निष्कण्टक, धन-धान्य-सम्पन्न राज्य और देवताओं का स्वामीपन पाकर भी मैं वह उपाय नहीं देखता जो मेरी इन्द्रियों को सुखाने वाले इस शोक को दूर कर सके।
Sanjaya said: O Parantapa, having spoken thus to Hrishikesha, Gudakesha (Arjuna) said to Govinda, 'I shall not fight,' and fell silent.
संजय बोले: हे राजन! निद्राविजयी अर्जुन अन्तर्यामी श्रीकृष्ण से इस प्रकार कहकर, 'युद्ध नहीं करूँगा' स्पष्ट कहकर चुप हो गये।
O Bharata, to him grieving between the two armies, Hrishikesha, as if smiling, spoke these words.
हे भरतवंशी! दोनों सेनाओं के बीच शोक करते हुए उस अर्जुन से अन्तर्यामी श्रीकृष्ण ने हँसते हुए-से ये वचन कहे।
The Blessed Lord said: You grieve for those who should not be grieved for, yet you speak words of wisdom. The wise grieve neither for the living nor for the dead.
श्री भगवान बोले: हे अर्जुन! तू न शोक करने योग्य के लिए शोक करता है और पण्डितों जैसे वचन कहता है; परन्तु जिनके प्राण चले गये उनके लिए और जो जीवित हैं उनके लिए भी पण्डितजन शोक नहीं करते।
Never was there a time when I did not exist, nor you, nor these kings; nor shall any of us ever cease to be hereafter.
न ऐसा है कि मैं किसी काल में नहीं था, तू नहीं था या ये राजा नहीं थे; और न ऐसा कि इससे आगे हम सब नहीं रहेंगे।
Just as the embodied soul passes through childhood, youth and old age in this body, so does it pass into another body; the wise are not deluded by this.
जैसे जीवात्मा की इस देह में बालकपन, जवानी और वृद्धावस्था होती है, वैसे ही अन्य शरीर की प्राप्ति होती है; धीर पुरुष इसमें मोहित नहीं होता।
O son of Kunti, the contacts of the senses give rise to cold and heat, pleasure and pain; they come and go and are impermanent. Endure them bravely, O Bharata.
हे कुन्तीपुत्र! सर्दी-गर्मी, सुख-दुःख देने वाले इन्द्रिय-विषयों के संयोग उत्पत्ति-विनाशशील और अनित्य हैं; इसलिए हे भारत! इन्हें सहन कर।
O best of men, the wise one whom these contacts do not afflict, steady in pleasure and pain alike, becomes fit for immortality.
हे पुरुषश्रेष्ठ! सुख-दुःख को समान समझने वाले जिस धीर पुरुष को ये संयोग व्याकुल नहीं करते, वह मोक्ष के योग्य होता है।
The unreal has no existence, and the real never ceases to be; the truth of both has been perceived by the seers of reality.
असत् वस्तु की सत्ता नहीं है और सत् का अभाव नहीं है। तत्त्वज्ञानी पुरुषों द्वारा इन दोनों का तत्त्व देखा गया है।
Know that to be indestructible by which all this is pervaded. None can destroy this imperishable Reality.
नाशरहित उसको जान, जिससे यह सम्पूर्ण जगत व्याप्त है। इस अविनाशी का विनाश करने में कोई समर्थ नहीं।
These bodies of the eternal, indestructible, immeasurable soul are said to have an end. Therefore fight, O Bharata.
इस नाशरहित, अप्रमेय, नित्य जीवात्मा के ये सब शरीर नाशवान कहे गये हैं। इसलिए हे भरतवंशी अर्जुन! तू युद्ध कर।
He who thinks the soul a slayer, and he who thinks it slain — both fail to understand; the soul neither slays nor is slain.
जो इस आत्मा को मारने वाला समझता है और जो इसे मरा मानता है, वे दोनों ही नहीं जानते; यह आत्मा न किसी को मारता है न मारा जाता है।
The soul is never born, nor does it die; nor having been, does it cease to be. Unborn, eternal, everlasting and ancient, it is not slain when the body is slain.
यह आत्मा न जन्मता है न मरता है, न यह उत्पन्न होकर फिर होने वाला है; यह अजन्मा, नित्य, सनातन और पुरातन है। शरीर के मारे जाने पर भी यह नहीं मारा जाता।
O Partha, how can one who knows the soul to be indestructible, eternal, unborn and imperishable slay anyone or cause anyone to be slain?
हे पार्थ! जो पुरुष इस आत्मा को नाशरहित, नित्य, अजन्मा और अव्यय जानता है, वह कैसे किसी को मरवाता और कैसे किसी को मारता है?
As a person casts off worn-out garments and puts on new ones, so the embodied soul casts off worn-out bodies and enters new ones.
जैसे मनुष्य पुराने वस्त्र त्यागकर नये वस्त्र ग्रहण करता है, वैसे ही जीवात्मा पुराने शरीर त्यागकर दूसरे नये शरीर प्राप्त करता है।
Weapons cannot cut the soul, fire cannot burn it, water cannot wet it, and wind cannot dry it.
इस आत्मा को शस्त्र काट नहीं सकते, आग जला नहीं सकती, जल गला नहीं सकता और वायु सुखा नहीं सकती।
This soul is uncleavable, incombustible, neither wettable nor dryable; eternal, all-pervading, stable, immovable and everlasting.
यह आत्मा अच्छेद्य, अदाह्य, अक्लेद्य और अशोष्य है; तथा नित्य, सर्वव्यापी, अचल, स्थिर और सनातन है।
This soul is said to be unmanifest, inconceivable and unchanging. Knowing it thus, you ought not to grieve.
यह आत्मा अव्यक्त, अचिन्त्य और विकाररहित कहा जाता है। इसलिए हे अर्जुन! इसे इस प्रकार जानकर तू शोक करने के योग्य नहीं है।
Even if you think the soul to be constantly born and dying, even then, O mighty-armed one, you should not grieve thus.
और यदि तू इस आत्मा को सदा जन्मने और सदा मरने वाला मानता है, तो भी हे महाबाहो! तू इस प्रकार शोक करने के योग्य नहीं है।
For death is certain for the born and birth is certain for the dead. Therefore you should not grieve over the unavoidable.
जन्मे हुए की मृत्यु निश्चित है और मरे हुए का जन्म निश्चित है। इसलिए इस अपरिहार्य विषय में भी तू शोक करने के योग्य नहीं है।
All beings are unmanifest before birth and unmanifest after death; manifest only in between, O Bharata. What occasion is there for grief?
हे भारत! सम्पूर्ण प्राणी जन्म से पहले अप्रकट थे और मरने के बाद भी अप्रकट हो जायेंगे, केवल बीच में प्रकट हैं; फिर इसमें शोक कैसा?
One sees the soul as a wonder, another speaks of it as a wonder, another hears of it as a wonder; yet even after hearing, none truly knows it.
कोई इस आत्मा को आश्चर्य की भाँति देखता है, कोई आश्चर्य की भाँति वर्णन करता है और कोई आश्चर्य की भाँति सुनता है; और कोई-कोई तो सुनकर भी इसे नहीं जानता।
The soul in the body of every being is ever indestructible, O Bharata. Therefore you should not grieve for any creature.
हे भारत! यह आत्मा सबके शरीरों में सदा ही अवध्य है। इसलिए सम्पूर्ण प्राणियों के लिए तू शोक करने के योग्य नहीं है।
Considering your own duty too, you should not waver; there is nothing better for a warrior than a righteous war.
अपने धर्म को देखकर भी तू विचलित होने योग्य नहीं है; क्योंकि क्षत्रिय के लिए धर्मयुक्त युद्ध से बढ़कर कोई कल्याणकारी कर्तव्य नहीं है।
Happy are the warriors, O Partha, who obtain such a war, come of itself as an open gateway to heaven.
हे पार्थ! अपने आप प्राप्त हुए, खुले हुए स्वर्ग के द्वाररूप ऐसे युद्ध को भाग्यवान क्षत्रिय ही पाते हैं।
But if you will not wage this righteous war, then, forsaking duty and honour, you will incur sin.
किन्तु यदि तू इस धर्मयुक्त युद्ध को नहीं करेगा, तो स्वधर्म और कीर्ति खोकर पाप को प्राप्त होगा।
People will recount your lasting disgrace; and for the honoured, dishonour is worse than death.
सब लोग तेरी बहुत काल तक रहने वाली अपकीर्ति कहेंगे; और माननीय पुरुष के लिए अपकीर्ति मरण से भी बढ़कर है।
The great warriors will think you withdrew from battle out of fear; those who esteemed you will hold you cheap.
जिनकी दृष्टि में तू पहले सम्मानित था, वे महारथी तुझे भय के कारण युद्ध से हटा हुआ मानेंगे और तू लघुता को प्राप्त होगा।
Your enemies will speak many unspeakable words, decrying your prowess. What could be more painful?
तेरे वैरी तेरे सामर्थ्य की निन्दा करते हुए बहुत-से न कहने योग्य वचन कहेंगे। इससे अधिक दुःख और क्या होगा?
Either slain you will attain heaven, or victorious you will enjoy the earth. Therefore arise, O son of Kunti, resolved to fight.
या तो तू मारा जाकर स्वर्ग पायेगा, या जीतकर पृथ्वी का राज्य भोगेगा। इसलिए हे अर्जुन! निश्चय करके युद्ध के लिए खड़ा हो जा।
Treating pleasure and pain, gain and loss, victory and defeat alike, engage in battle. Thus you will incur no sin.
सुख-दुःख, लाभ-हानि और जय-पराजय को समान समझकर युद्ध के लिए तैयार हो जा; इस प्रकार करने से तू पाप को प्राप्त नहीं होगा।
This wisdom has been told in terms of Sankhya; now hear it in terms of Yoga (action). Endowed with it, O Partha, you will cast off the bondage of karma.
हे पार्थ! यह बुद्धि तेरे लिए ज्ञानयोग (सांख्य) में कही गयी; अब इसे कर्मयोग में सुन, जिससे युक्त होकर तू कर्मबन्धन को त्याग देगा।
In this path no effort is lost and no harm results; even a little of this dharma protects from great fear.
इस कर्मयोग में आरम्भ का नाश नहीं और उलटा दोष भी नहीं; इस धर्म का थोड़ा-सा साधन भी जन्म-मृत्युरूप महान भय से रक्षा कर लेता है।
In this path, O joy of the Kurus, the resolute intellect is one-pointed; but the intellects of the irresolute are many-branched and endless.
हे अर्जुन! इस मार्ग में निश्चयात्मिका बुद्धि एक ही होती है; किन्तु अस्थिर विचार वाले विवेकहीन मनुष्यों की बुद्धियाँ बहुशाखा और अनन्त होती हैं।
O Partha, the unwise, delighting in the flowery words of the Vedas, full of desires and intent on heaven, utter ornate speech promising rebirth as the fruit of action and prescribing many rites for pleasure and power. In those attached to enjoyment, whose discernment is stolen by such words, the resolute intellect fixed in samadhi does not arise.
हे पार्थ! जो भोगों में तन्मय, कर्मफल-प्रशंसक वेदवाक्यों में प्रीति रखने वाले और 'स्वर्ग से बढ़कर कुछ नहीं' कहने वाले अविवेकी जन जिस पुष्पित (दिखावटी) वाणी को कहते हैं — जो जन्मरूप कर्मफल देने वाली और भोग-ऐश्वर्य हेतु नाना क्रियाओं का वर्णन करने वाली है — उस वाणी से जिनका चित्त हर लिया गया है और जो भोग-ऐश्वर्य में आसक्त हैं, उनकी परमात्मा में निश्चयात्मिका बुद्धि नहीं होती।
The Vedas deal with the three gunas; rise above them, O Arjuna. Be free from the pairs of opposites, ever established in purity, free from anxiety for gain and preservation, established in the Self.
हे अर्जुन! वेद तीनों गुणों के कार्यरूप भोगों का प्रतिपादन करते हैं; तू उनमें आसक्तिहीन, द्वन्द्वों से रहित, नित्य सत्त्व में स्थित, योग-क्षेम की चिन्ता से मुक्त और आत्मवान हो।
To the knower of Brahman, all the Vedas are of as much use as a small well when there is a flood of water everywhere.
सब ओर से परिपूर्ण जलाशय के मिल जाने पर छोटे जलाशय में जितना प्रयोजन रहता है, ब्रह्म को जानने वाले का समस्त वेदों में उतना ही प्रयोजन रह जाता है।
You have a right to action alone, never to its fruits. Let not the fruit of action be your motive, nor let your attachment be to inaction.
तेरा अधिकार केवल कर्म करने में है, उसके फलों में कभी नहीं। तू कर्मफल का हेतु मत बन, और कर्म न करने में भी तेरी आसक्ति न हो।
Established in yoga, O Dhananjaya, perform actions abandoning attachment, even-minded in success and failure. This evenness of mind is called yoga.
हे धनंजय! आसक्ति त्यागकर, सिद्धि-असिद्धि में समान होकर, योग में स्थित हुआ कर्तव्य कर्म कर; यह समत्वभाव ही योग कहलाता है।
Action is far inferior to the yoga of wisdom, O Dhananjaya. Seek refuge in wisdom; wretched are those who act for results.
इस समत्वबुद्धियोग से सकाम कर्म अत्यन्त निम्न है। हे धनंजय! तू समबुद्धि की शरण ले; फल के हेतु बनने वाले अत्यन्त दीन हैं।
Endowed with wisdom, one casts off both good and evil here itself. Therefore devote yourself to yoga; yoga is skill in action.
समबुद्धि से युक्त पुरुष पुण्य और पाप दोनों को इसी लोक में त्याग देता है। इसलिए तू योग में लग जा; यह समत्वरूप योग ही कर्मों में कुशलता है।
The wise, renouncing the fruits of action and freed from the bondage of birth, reach the state beyond all suffering.
समबुद्धि से युक्त ज्ञानीजन कर्मफल को त्यागकर जन्मरूप बन्धन से मुक्त हो निर्विकार परम पद को प्राप्त होते हैं।
When your intellect crosses beyond the mire of delusion, you will become indifferent to all that has been heard and is yet to be heard.
जब तेरी बुद्धि मोहरूप दलदल को पार कर जायेगी, तब तू सुने हुए और सुनने योग्य सब भोगों से वैराग्य को प्राप्त हो जायेगा।
When your intellect, bewildered by what you have heard, stands firm and steady in the Self, then you will attain yoga.
भाँति-भाँति के वचन सुनने से विचलित हुई तेरी बुद्धि जब परमात्मा में अचल-स्थिर ठहर जायेगी, तब तू योग को प्राप्त हो जायेगा।
Arjuna said: O Keshava, what is the description of one of steady wisdom, established in samadhi? How does such a one speak, sit and walk?
अर्जुन बोले: हे केशव! समाधि में स्थित स्थिरबुद्धि पुरुष का क्या लक्षण है? वह कैसे बोलता, बैठता और चलता है?
The Blessed Lord said: When one casts off all desires of the mind, O Partha, and is satisfied in the Self by the Self alone, then is one called a person of steady wisdom.
श्री भगवान बोले: हे पार्थ! जब यह पुरुष मन की सम्पूर्ण कामनाओं को त्याग देता है और आत्मा से आत्मा में ही संतुष्ट रहता है, तब वह स्थितप्रज्ञ कहा जाता है।
One unshaken in sorrow, free from longing for pleasures, from whom attachment, fear and anger have departed — such a sage is of steady wisdom.
दुःख में जिसका मन उद्विग्न नहीं होता, सुख में जो निःस्पृह है, और जिसके राग, भय व क्रोध नष्ट हो गये हैं, वह मुनि स्थिरबुद्धि कहा जाता है।
One unattached everywhere, who neither rejoices on good nor hates the bad — such a one's wisdom is firmly fixed.
जो सर्वत्र स्नेहरहित होकर शुभ या अशुभ को प्राप्त होकर न प्रसन्न होता है न द्वेष करता है, उसकी बुद्धि स्थिर है।
When, like a tortoise drawing in its limbs, one withdraws the senses from their objects, then one's wisdom is firmly established.
जैसे कछुआ अपने अंगों को समेट लेता है, वैसे ही जब यह पुरुष इन्द्रियों को विषयों से समेट लेता है, तब उसकी बुद्धि स्थिर है।
The objects turn away from one who abstains, but the taste remains; even this taste turns away when the Supreme is seen.
विषयों को ग्रहण न करने वाले के विषय तो निवृत्त हो जाते हैं पर आसक्ति नहीं; स्थितप्रज्ञ की आसक्ति भी परमात्मा का साक्षात्कार करके निवृत्त हो जाती है।
The turbulent senses, O son of Kunti, forcibly carry away the mind even of a wise person striving for perfection.
हे कुन्तीपुत्र! ये प्रमथन-स्वभाव वाली इन्द्रियाँ यत्न करते हुए बुद्धिमान पुरुष के मन को भी बलपूर्वक हर लेती हैं।
Restraining all the senses, one should sit steadfast, intent on Me; for one whose senses are mastered is of steady wisdom.
साधक उन सब इन्द्रियों को वश में करके, समाहितचित्त होकर मेरे परायण होकर बैठे; जिसकी इन्द्रियाँ वश में हैं, उसी की बुद्धि स्थिर है।
Brooding on sense-objects breeds attachment; from attachment springs desire, and from desire arises anger.
विषयों का चिन्तन करने से उनमें आसक्ति होती है, आसक्ति से कामना और कामना में विघ्न से क्रोध उत्पन्न होता है।
From anger comes delusion; from delusion, confused memory; from confused memory, the loss of reason; and from loss of reason, one perishes.
क्रोध से मूढ़भाव, मूढ़भाव से स्मृति-भ्रम, स्मृति-भ्रम से बुद्धि का नाश, और बुद्धि के नाश से यह पुरुष अपनी स्थिति से गिर जाता है।
But the self-controlled one, moving among objects with senses free from attachment and aversion, attains tranquillity.
परन्तु अपने वश में किये अन्तःकरण वाला साधक, राग-द्वेष रहित वशीभूत इन्द्रियों से विषयों में विचरता हुआ अन्तःकरण की प्रसन्नता प्राप्त करता है।
In that tranquillity all sorrows are destroyed; the intellect of the tranquil-minded soon becomes firmly established.
अन्तःकरण की प्रसन्नता होने पर सब दुःखों का अभाव हो जाता है, और प्रसन्नचित्त वाले की बुद्धि शीघ्र ही परमात्मा में स्थिर हो जाती है।
There is no wisdom for the unsteady, no meditation for the unwise; without meditation no peace, and for the peaceless, how can there be happiness?
अयुक्त पुरुष में निश्चयात्मिका बुद्धि नहीं, भावना नहीं; भावनाहीन को शान्ति नहीं, और शान्तिरहित को सुख कैसे?
As wind carries away a boat on the water, so even one wandering sense, to which the mind yields, carries away one's wisdom.
जैसे जल में नाव को वायु हर लेती है, वैसे ही विषयों में विचरती इन्द्रियों में से जिस एक के साथ मन रहता है, वह उसकी बुद्धि को हर लेती है।
Therefore, O mighty-armed one, the wisdom of him whose senses are wholly restrained from their objects is firmly established.
इसलिए हे महाबाहो! जिसकी इन्द्रियाँ विषयों से सब प्रकार वश में हैं, उसी की बुद्धि स्थिर है।
What is night for all beings is waking for the self-controlled; and what is waking for all beings is night for the seeing sage.
सब प्राणियों के लिए जो रात्रि के समान है, उस परमानन्द में संयमी जागता है; और जिसमें सब प्राणी जागते हैं, तत्त्वदर्शी मुनि के लिए वह रात्रि के समान है।
As waters enter the ever-full, unmoved ocean, so the one whom all desires enter attains peace — not the one who craves desires.
जैसे नदियों के जल परिपूर्ण, अचल समुद्र में उसे विचलित किये बिना समा जाते हैं, वैसे ही जिस स्थितप्रज्ञ में सब भोग विकार किये बिना समा जाते हैं, वही परम शान्ति पाता है — भोगों को चाहने वाला नहीं।
That person attains peace who, abandoning all desires, moves about free from longing, without 'mine' and without egoism.
जो सम्पूर्ण कामनाओं को त्यागकर ममता, अहंकार और स्पृहा से रहित होकर विचरता है, वही शान्ति को प्राप्त होता है।
This is the state of one established in Brahman, O Partha; attaining it, one is not deluded. Fixed in it even at death, one attains oneness with Brahman.
हे पार्थ! यह ब्रह्म को प्राप्त पुरुष की स्थिति है; इसे पाकर योगी मोहित नहीं होता, और अन्तकाल में भी इसमें स्थित होकर ब्रह्मानन्द को प्राप्त हो जाता है।